नई दिल्ली, 19 मई।
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस जनगणना प्रक्रिया में वाल्मीकि समुदाय के संदर्भ में अपमानजनक शब्दों के उपयोग को लेकर प्राप्त शिकायत के आधार पर दिया गया है। शिकायत राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल ने आयोग के अध्यक्ष किशोर मकवाना को दी थी।
आयोग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागों से त्वरित कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। जनगणना संचालन निदेशालय, पंजाब के निदेशक तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और अल्पसंख्यक विभाग के प्रमुख सचिव को 15 दिनों के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
आयोग अध्यक्ष किशोर मकवाना ने कहा कि अनुसूचित जातियों के सम्मान, अधिकार और गरिमा की सुरक्षा आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। पंजाब में मादक पदार्थ और सामाजिक-आर्थिक जनगणना का पहला चरण जारी है, जिसमें अधिकारी घर-घर जाकर मकानों की स्थिति, सुविधाओं और संपत्ति से जुड़े 33 सवाल पूछ रहे हैं। पहला चरण स्व-गणना ऑनलाइन माध्यम से पूरा किया गया, जबकि 15 मई से 13 जून तक कर्मचारी डेटा संग्रह कर रहे हैं।






.jpg)







