रायपुर, 31 मार्च 2026।
छत्तीसगढ़ में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया। उन्होंने 370 नई एम्बुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश के सभी जिलों के लिए रवाना किया। इनमें 300 बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) और 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एम्बुलेंस शामिल हैं, जो अब प्रदेशभर में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करेंगी।
मुख्यमंत्री ने इस पहल के तहत पहली बार राज्य में 5 नियोनेटल एएलएस एम्बुलेंसों की शुरुआत की, जो नवजात शिशुओं की आपातकालीन देखभाल में अहम भूमिका निभाएंगी। इस कदम से राज्य की नवजात शिशु सुरक्षा को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है, और यह सेवा गंभीर स्थिति में नवजातों को सुरक्षित रूप से उपचार केंद्रों तक पहुँचाने में सहायक होगी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि पिछले दो वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार हुआ है, और अब प्रदेशवासियों को समय पर उपचार उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य यह है कि शहरी क्षेत्रों में एम्बुलेंस सेवा 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट में पहुंच सके, ताकि हर जरूरतमंद तक समय पर स्वास्थ्य सहायता पहुँच सके।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस पहल को राज्य के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अब स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस सेवा में किसी भी प्रकार की कमी या देरी को लेकर विशेष मॉनिटरिंग सिस्टम तैयार किया गया है, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर विधायक मोती लाल साहू, विधायक इंद्र कुमार साहू, सीजीएमएससी के अध्यक्ष दीपक म्हस्के, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।












