बिलासपुर, 30 मार्च।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से रविवार की देर रात रात्रि उड़ान सेवा की ऐतिहासिक शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नाइट ऑपरेशन्स का उद्घाटन किया और स्वयं पहली रात्रि उड़ान में रायपुर के लिए रवाना हुए। विधायक धर्मजीत सिंह भी उनके साथ रात्रिकालीन उड़ान में शामिल हुए।
एयरपोर्ट को 3 सी वीएफआर से 3 सी आई एफ आर श्रेणी में अपग्रेड करने के लिए 31 करोड़ 1 लाख रुपये की लागत से कार्य किया गया। उन्नयन के बाद डीजीसीए ने 6 फरवरी 2026 को रात्रि संचालन की अनुमति प्रदान की थी। समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने की। इस अवसर पर विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला और महापौर पूजा विधानी समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि यह उपलब्धि योजनाकारों, तकनीकी टीम, एयरपोर्ट कर्मचारियों और स्थानीय प्रशासन के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि रात्रिकालीन उड़ान सेवा से बिलासपुर की लंबित मांग पूरी हुई है और यह सुविधा क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
रात्रि उड़ान सेवा शुरू होने के बाद निर्धारित और अनिर्धारित उड़ानों के साथ आपातकालीन एवं मेडिकल फ्लाइट्स भी रात में संचालित की जा सकेंगी, जिससे जीवनरक्षक सेवाओं में सुधार होगा। बेहतर हवाई संपर्क से व्यापार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे इस नई सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं और सभी यात्रियों के लिए सुरक्षित एवं सुखद यात्रा की कामना की। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी बिलासपुर की जनता को इस उपलब्धि पर बधाई दी और बताया कि एयरपोर्ट में तमाम सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।












