शोणितपुर (असम), 03 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को असम के बरछला विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर घुसपैठ और दंगा कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा इस तरह की गतिविधियों में लिप्त रही, जबकि भाजपा ऐसे लोगों को निकालने का काम करती है। मुख्यमंत्री ने जनता से भाजपा प्रत्याशी ऋतु बरन सरमा को भारी मतों से जीताने के लिए 9 अप्रैल को कमल का बटन दबाने की अपील भी की।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले नौजवानों के अधिकार पर घुसपैठिए काबिज होते थे और असम के लोगों का राशन डकार जाते थे। लेकिन अब डबल इंजन सरकार असम के हर नागरिक को उसका हक दिलाने की गारंटी दे रही है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस और एआईयूडीएफ के समझौते के कारण असमिया जाति और स्थानीय लोगों के सामने पहचान का संकट उत्पन्न हुआ था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और एआईयूडीएफ की तुष्टिकरण नीति ने असमिया संस्कृति और माटी को कमजोर करने की कोशिश की, वहीं भाजपा सरकार ने चाय बागानों में काम करने वाली बहनों, कारीगरों और नौजवानों के लिए विशेष पैकेज लागू किए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पहले सर्बानंद सोनोवाल और अब डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की सरकार ने असम को विकास और विरासत का अद्भुत केंद्र बनाया है।
योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि अब असम के लोग उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास और रोजगार जैसी सुविधाओं का लाभ पा रहे हैं। उन्होंने भाजपा की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि अब असम में सांस्कृतिक विरासत, सुरक्षा, विकास और रोजगार का अद्भुत संतुलन दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और यूडीएफ पर भरोसा न करने की चेतावनी दी और कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार असमवासियों को सुरक्षा, सेवा, सुशासन, समृद्धि और नौकरी की गारंटी देगी। उन्होंने असम को भारतीय गौरव की पावन धरा बताते हुए ऐतिहासिक स्थलों और सांस्कृतिक प्रतीकों का उल्लेख किया। इस दौरान युवाओं ने पेड़ों पर चढ़कर मुख्यमंत्री को देखा और ‘बुलडोजर बाबा की जय’ के नारे लगाए।
योगी आदित्यनाथ ने जनसभा में ‘जापी’ पहनकर असमिया ढोल भी बजाया और लोगों को भाजपा प्रत्याशी को जिताने का संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस घुसपैठ और दंगा कराती थी, लेकिन भाजपा ऐसे मामलों में कड़ा रुख अपनाती है।












