डलास, 10 सितंबर।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव में यदि रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में जीत हासिल करती है तो हर वयस्क अमेरिकी नागरिक को 5,000 डालर का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने इसे ‘ट्रंप डिविडेंड’ नाम देने की बात कही।
रिपब्लिकन पार्टी के सम्मेलन को संबोधित करते हुए ट्रंप ने समर्थकों से ऐसे मतदान करने की अपील की, मानो वह स्वयं चुनाव मैदान में हों। उन्होंने कहा कि देश की मजबूत आर्थिक स्थिति और बढ़ी आय के कारण यह भुगतान किया जा सकता है।
ट्रंप ने इस राशि की तुलना सफल कंपनियों द्वारा अपने शेयरधारकों को किए जाने वाले नकद वितरण से की। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि योजना को किस तरह लागू किया जाएगा। उन्होंने केवल इतना कहा कि भुगतान पाने वालों को यह राशि अमेरिका में ही खर्च करनी होगी।
राष्ट्रपति ने यह भी माना कि रिपब्लिकन पार्टी चुनाव हार सकती है। इसके साथ ही उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ऐसा भुगतान नहीं कर सकती, क्योंकि वह शुल्क नहीं लगाती और राजस्व हासिल नहीं करती।
अमेरिकी जनगणना के आंकड़ों के अनुसार देश में करीब 26 करोड़ वयस्क रहते हैं। इस संख्या में नागरिकों के साथ गैर-नागरिक निवासी भी शामिल हैं। एक अनुमान के अनुसार प्रस्तावित भुगतान पर करीब 1.35 लाख करोड़ डालर खर्च हो सकते हैं। दोनों सदनों में एक ही पार्टी की जीत से भुगतान को जोड़ने की वैधता भी स्पष्ट नहीं है।
ट्रंप का भाषण करीब दो घंटे चला और उन्होंने मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के अभियान के केंद्र में खुद को रखा। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधि सभा और सीनेट की करीब 35 सीटें चुनाव का परिणाम तय कर सकती हैं और वह उन राज्यों में जाएंगे, जहां मुकाबला बेहद करीबी है।
ईरान के साथ जारी युद्ध का बचाव करते हुए ट्रंप ने दावा किया कि ईरान परमाणु हथियार हासिल करने से दो या तीन सप्ताह दूर था। उन्होंने साथ ही कहा कि अमेरिका यह युद्ध जीतेगा।















