भोपाल, 4 अप्रैल 2026।
भोपाल में नगर निगम जल कार्य विभाग ने पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों से 168 पानी के सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए और 49 लीकेज भी सुधार दिए गए।
यह कार्रवाई महापौर मालती राय के निर्देश और निगम आयुक्त संस्कृति जैन के आदेश पर संचालित की जा रही है। नगर निगम की टीमों ने विशेष रूप से झुग्गी बस्तियों सहित अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर पानी की गुणवत्ता पर निगरानी रखी।
सैंपलों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया ताकि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही जल वितरण व्यवस्था में सुधार के लिए पाइपलाइन लीकेज की पहचान कर 49 स्थानों पर मरम्मत कार्य संपन्न किया गया। इससे पानी की बर्बादी रोकी गई और सप्लाई सुचारू हुई।
नगर निगम ने सीएम हेल्पलाइन और महापौर हेल्पलाइन पर प्राप्त जल संबंधी शिकायतों का भी त्वरित निराकरण किया। अधिकारियों ने कहा कि शहर में पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने और समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।












