भोपाल, 4 अप्रैल 2026।
भोपाल में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के मकान सूचीकरण और द्वितीय पाली की गणना हेतु नियुक्त फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना कार्य को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए तैयार करना था।
शासकीय मॉडल स्कूल, टीटी नगर में आयोजित इस प्रशिक्षण में प्रशिक्षकों ने परिवारों से संपर्क बनाने, संवेदनशील परिस्थितियों में शिष्टाचार एवं प्रोटोकॉल का पालन करने तथा सही तरीके से प्रश्न पूछने की विधियों पर विशेष ध्यान दिया। प्रशिक्षण में डेटा संग्रह प्रक्रिया, प्रगणक और उत्तरदाता के बीच संवाद की भूमिका, नमूना लेआउट तैयार करना और प्रगणक एवं पर्यवेक्षक की जिम्मेदारियों को व्यावहारिक रूप से समझाना भी शामिल था।
फील्ड विजिट के माध्यम से प्रशिक्षकों को प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान किया गया। प्रशिक्षण सत्र बीआरसीसी सुरेंद्र सिंह रघुवंशी और सहायक प्राध्यापक डॉ. मुकेश नापित द्वारा संचालित किया गया।
समापन अवसर पर सहायक निदेशक एन.सी. रेजी और डिप्टी कलेक्टर भुवन गुप्ता ने निगम के उपायुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी हीरेन्द्र सिंह कुशवाह की उपस्थिति में फील्ड ट्रेनर्स को प्रशस्ति प्रमाण पत्र वितरित किए। इस मौके पर अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में फील्ड ट्रेनर्स उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स जनगणना कार्य को समय पर, सटीक और सुचारू रूप से पूरा करने में अहम भूमिका निभाएंगे।












