भोपाल, 4 अप्रैल 2026।
भोपाल में शनिवार को नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ जोरदार अभियान चलाते हुए टीटी नगर और आसपास के क्षेत्रों में सख्त कदम उठाए। पुलिस बल और यातायात पुलिस की मौजूदगी में सड़क किनारे लगे अवैध कब्जों को हटाते हुए करीब सात ट्रक सामान जब्त किया गया।
यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर शहरभर में चल रहे अभियान के तहत की गई। अतिक्रमण हटाने वाले दस्ते ने टीटी नगर, न्यू मार्केट, रंगमहल चौराहा और होटल पलाश रोड क्षेत्र में ठेले, गुमठियां, काउंटर, टेबल, स्टूल और लोहे की जालियों को हटाया।
अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी व्यक्ति द्वारा दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस के जवान भी तैनात रहे।
निगम की टीम ने कोलार, शाहपुरा, एमपी नगर, करोंद, गांधी नगर समेत एक दर्जन से अधिक इलाकों में भी अतिक्रमण हटाने का काम किया। शाहपुरा क्षेत्र में सर्विस रोड पर खड़े एक बिना इंजन वाले चार पहिया वाहन सहित अन्य अवरोध हटाए गए।
नगर निगम के अमले ने अवैध शेड, छप्पर, ठेले और सब्जी दुकानों को हटाकर सड़क को साफ कराया। अधिकारियों ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और आमजन को सुविधा देने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।












