जौनपुर, 26 मार्च 2026।
यूपी के जौनपुर में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जौनपुर महोत्सव का दूसरा दिन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सम्पन्न हुआ। ऐतिहासिक शाही किला परिसर में आयोजित इस महोत्सव में स्थानीय और बाहरी कलाकारों ने अपने प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोह लिया।
देर रात तक चलने वाले गीत-संगीत कार्यक्रम में जनपद और बाहर से आए कलाकारों ने मंच पर शानदार प्रस्तुति दी। जौनपुर के प्रसिद्ध गायक वरदान सिंह, जो विशेष रूप से मुंबई से आए थे, ने अपनी मधुर आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके गाने पर दर्शकों ने उत्साहपूर्वक तालियों की गड़गड़ाहट से माहौल को जीवंत बना दिया।

भोजपुरी फिल्म जगत के जाने-माने अभिनेता अरविंद अकेला, कल्लू और अभिनेत्री डिम्पल सिंह ने भी मंच पर अपनी प्रस्तुति दी। दोनों कलाकारों ने भोजपुरी गीतों पर नृत्य करते हुए दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। अरविंद अकेला ने “ललकी टिकुलिया चांद भइल बा” गीत प्रस्तुत कर माहौल को और भी रोमांचक बना दिया। हालांकि, कुछ दर्शकों ने कुछ गानों की फूहड़ता पर आपत्ति जताई और ऐसे गीतों पर रोक लगाने की मांग की।
कार्यक्रम में “नारियल मैन” के नाम से मशहूर एक युवक ने अपने अनोखे करतबों से सभी को चौंका दिया। उसने सिर, हाथ और कोहनी से नारियल तोड़कर अपनी कला का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर दर्शक हैरान रह गए। इसके साथ ही एक स्टंटमैन ने फिल्मों जैसी खतरनाक करतबों का लाइव प्रदर्शन कर लोगों की खूब वाहवाही लूटी।

इस अवसर पर खेलकूद एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद सिंह, एमएलसी बृजेश सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, एडीएम अजय अंबष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। महोत्सव का यह दिन उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक विविधता से भरा रहा।












