बोगोटा, 27 अप्रैल
कोलंबिया में राष्ट्रपति चुनाव से पहले हिंसा की बड़ी घटना सामने आई है, जहां एक बम विस्फोट में कम से कम 19 लोगों की जान चली गई। मृतकों में पांच बच्चों के होने की भी पुष्टि हुई है, जबकि इस हमले में 38 से अधिक लोग घायल हुए हैं। यह विस्फोट दक्षिण-पश्चिमी काउका क्षेत्र में पैन-अमेरिकन हाइवे पर शनिवार को हुआ। देश में 31 मई को राष्ट्रपति चुनाव प्रस्तावित है।
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक यह धमाका व्यस्त मार्ग पर लगाए गए विस्फोटक के फटने से हुआ। इस घटना में बड़ी संख्या में लोगों की मौत और घायल होने की पुष्टि की गई है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह आतंकी हमला प्रतीत हो रहा है, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
काउका के गवर्नर ऑक्टेवियो गुजमैन ने बताया कि पैन-अमेरिकन हाइवे पर काजिबियो के एल टनल क्षेत्र में आम लोगों को निशाना बनाकर यह विस्फोट किया गया। घटना की सूचना मिलते ही कोलंबिया के रक्षामंत्री पेड्रो सांचेज मौके पर पहुंचे। स्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा परिषद गठित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार एल टनल के अलावा एल टैम्बो, कैलोटो, पोपायान, गुआचेने, मर्कडेरेस और मिरांडा क्षेत्रों में भी धमाकों की जानकारी सामने आई है। कोलंबियाई सेना के जनरल कमांडर ह्यूगो अलेजांद्रो लोपेज़ बैरेटो ने इन घटनाओं को हमलों की खतरनाक श्रृंखला बताया है।
घटना के बाद के दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से सामने आए, जिनमें सड़क के बीच गहरा गड्ढा, क्षतिग्रस्त वाहन और मृतकों के शव दिखाई दे रहे हैं। राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने इस हमले के लिए फार्क के अलग गुट और उसके सरगना इवान मोरडिस्को को जिम्मेदार ठहराया है।








