नई दिल्ली, 02 अप्रैल।
दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी (आआपा) पर गुरुवार को तीखा हमला बोला और कहा कि सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटाया जाना पार्टी में गहरे मतभेदों का संकेत है।
सचदेवा ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आआपा के भीतर असंतोष बढ़ रहा है और वरिष्ठ नेता उनसे दूरी बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि चड्ढा को न सिर्फ पद से हटाया गया, बल्कि उन्हें सदन में बोलने का समय न देने की सिफारिश भी की गई, जो पार्टी के अंदरूनी हालात को उजागर करता है।
उन्होंने यह भी कहा कि पहले स्वाति मालीवाल और अब राघव चड्ढा जैसे प्रमुख नेता केजरीवाल से दूर हो गए हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा।
वीरेंद्र सचदेवा ने केजरीवाल को कमजोर नेता करार देते हुए कहा कि उनमें न तो विपक्ष का सामना करने का साहस है और न ही पार्टी के अंदर उठ रहे सवालों का जवाब देने की क्षमता।
सचदेवा ने यह भी कहा कि अगर केजरीवाल में नैतिक जिम्मेदारी होती तो वे असहमति रखने वाले नेताओं पर स्पष्ट कार्रवाई करते, लेकिन वे ऐसा करने से बचते रहे हैं।











