मुंबई, 04 अप्रैल।
अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा जल्द ही एक नए टॉक शो के साथ दर्शकों के बीच नजर आने वाली हैं। इस शो की घोषणा के मौके पर उन्होंने मां बनने के अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि यह उनके जीवन का बेहद खास और भावनात्मक दौर रहा है। उन्होंने बताया कि इस सफर में उनके पति राघव चड्ढा और परिवार का भरपूर सहयोग मिला, जिसकी वजह से उन्हें कभी अकेलेपन का एहसास नहीं हुआ।
कार्यक्रम के दौरान परिणीति ने कामकाजी माताओं के सामने आने वाली चुनौतियों पर भी खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि कई महिलाओं को परिवार और जीवनसाथी का सहयोग नहीं मिल पाता, जो एक चिंता का विषय है। उनके अनुसार, मातृत्व के इस सफर में सबसे महत्वपूर्ण ‘सपोर्ट सिस्टम’ होता है, जो मां को मानसिक और भावनात्मक रूप से मजबूत बनाता है।
अपने आगामी शो के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से वे यह संदेश देना चाहती हैं कि बच्चों की परवरिश का कोई एक निश्चित तरीका नहीं होता। उन्होंने कहा कि माता-पिता को समाज के दबाव से हटकर अपने अनुभव और समझ के आधार पर निर्णय लेने चाहिए।
परिणीति ने यह भी बताया कि शो के हर एपिसोड में दर्शकों को वास्तविक जीवन से जुड़ी कहानियां और उनके समाधान देखने को मिलेंगे। साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि माता-पिता को बच्चों के साथ दोस्ताना व्यवहार रखते हुए अनुशासन का संतुलन बनाए रखना चाहिए, जिससे उनका समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।











