मुंबई, 04 अप्रैल।
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर लगातार धमाका कर रही है और रिलीज के 16वें दिन भी फिल्म ने शानदार कमाई करते हुए 1000 करोड़ रुपये के जादुई आंकड़े के बेहद करीब पहुंचने का इशारा किया है।
सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, तीसरे शुक्रवार यानी 16वें दिन फिल्म ने 21.55 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल कलेक्शन 959.37 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अब फिल्म ऐतिहासिक 1000 करोड़ क्लब से केवल 41 करोड़ रुपये दूर है। ट्रेड विशेषज्ञों का मानना है कि तीसरे वीकेंड में फिल्म की कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिलेगा, जिससे यह आंकड़ा आसानी से पार हो सकता है।
'धुरंधर 2' ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। तीसरे शुक्रवार को 21.55 करोड़ रुपये की कमाई के साथ यह बाहुबली 2: द कन्क्लूजन और पुष्पा 2: द रूल जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए इस दिन की दूसरी सबसे बड़ी कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। हालांकि यह अपने प्रीक्वल 'धुरंधर' के रिकॉर्ड से थोड़ा पीछे रही, लेकिन दर्शकों में फिल्म का क्रेज लगातार बना हुआ है।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म साल 2025 की ब्लॉकबस्टर 'धुरंधर' का सीक्वल है। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर माधवन, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। 'धुरंधर 2' की लगातार सफलता न केवल निर्माताओं के लिए, बल्कि पूरे हिंदी सिनेमा के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।


.jpg)









