मुंबई, 01 अप्रैल।
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर लगातार सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। फिल्म हर दिन नए रिकॉर्ड बना रही है और घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दर्शकों का भरपूर समर्थन पा रही है। दुनियाभर में फिल्म ने 1,400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, वहीं भारत में यह 1,000 करोड़ क्लब के बेहद करीब पहुंच चुकी है।
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने अपने 12वें दिन 25.30 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की, जिसके बाद 13वें दिन इसमें और तेजी देखने को मिली और इसने 27.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया। कुल मिलाकर फिल्म का घरेलू कलेक्शन अब 899.92 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म का अगला लक्ष्य 1,000 करोड़ क्लब में प्रवेश करना है, जिसे हासिल करना अब संभव नजर आ रहा है।
वहीं दूसरी ओर, पवन कल्याण की फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' का प्रदर्शन लगातार धीमा होता जा रहा है। अच्छी शुरुआत के बावजूद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लंबे समय तक टिक नहीं पाई और 'धुरंधर 2' के मुकाबले फीकी नजर आ रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'उस्ताद भगत सिंह' ने 13वें दिन केवल 35 लाख रुपये का कारोबार किया, जो पिछले दिन के समान ही है। इसके साथ फिल्म का कुल कलेक्शन 70.64 करोड़ रुपये तक पहुंचा है। स्पष्ट है कि 'धुरंधर 2' की सफलता की आंधी के सामने अन्य फिल्में मुकाबला नहीं कर पा रही हैं और रणवीर सिंह का दबदबा बॉक्स ऑफिस पर बरकरार है।












