25 मार्च 2026।
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की जासूसी और एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन जारी रखे हुए है और लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है।
कारोबारी दिनों में भी फिल्म की कमाई की गति मजबूत बनी हुई है, जिससे यह साफ हो गया है कि 'धुरंधर 2' की कमाई अभी रुकने वाली नहीं है। हालांकि छठे दिन कलेक्शन में थोड़ी गिरावट आई, लेकिन इसके बावजूद फिल्म 600 करोड़ क्लब के बेहद करीब पहुंच चुकी है।
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म ने मंगलवार को 56.55 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके पहले पहले दिन 102.55 करोड़, दूसरे दिन 80.72 करोड़, तीसरे दिन 113 करोड़, चौथे दिन 114.85 करोड़ और पांचवें दिन 65 करोड़ रुपये का कारोबार किया गया। इस तरह छह दिनों में फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 575.67 करोड़ रुपये तक पहुँच गया है। वहीं, वर्ल्डवाइड स्तर पर यह 919 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है, जो फिल्म की जबरदस्त सफलता को दर्शाता है।
वहीं, पवन कल्याण की फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' को बॉक्स ऑफिस पर लगातार गिरावट का सामना करना पड़ रहा है। छठे दिन फिल्म ने मात्र 1.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिससे इसका कुल कलेक्शन 64.60 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। शुरुआती उत्साह के बाद फिल्म की कमाई धीमी पड़ गई है और 'धुरंधर 2' के तूफान के बीच इसकी पकड़ कमजोर दिखाई दे रही है।












