इंदौर, 18 मार्च।
मध्य प्रदेश के इंदौर में बंगाली चौराहा के पास एक कॉलोनी में आज सुबह करीब 4 बजे इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान हुए हादसे ने परिवार और क्षेत्रवासियों को दहला दिया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने के कारण छह लोगों की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, पुगलिया परिवार के घर के बाहर इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग चल रही थी। सुबह करीब 4 बजे चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे कार में आग लग गई। आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया और घर के अंदर फैल गई। घर के अंदर दस से अधिक गैस सिलेंडर और ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग के फैलते ही सिलेंडरों में विस्फोट होने लगे। कम से कम चार सिलेंडर फटने से तेज धमाके हुए और मकान का एक हिस्सा ढह गया।
हादसे के समय पुगलिया परिवार के घर में पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था, जिसके कारण कई सदस्य और रिश्तेदार एक साथ मौजूद थे। अधिकांश लोग सो रहे थे और बिजली कटने के बाद घर में लगे इलेक्ट्रॉनिक लॉक काम नहीं कर पाए, जिससे लोग अंदर ही फंस गए।
सूचना मिलने पर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इंदौर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
इस हादसे में छह लोगों की मौत हुई जिनमें मनोज जैन पुगलिया (65 वर्ष), सिमरन (30 वर्ष), विजय सेठिया (65 वर्ष), सुमन सेठिया (60 वर्ष), राशि (12 वर्ष) और छोटू सेठिया (22 वर्ष) शामिल हैं। घायलों में सौरभ (32 वर्ष), सुनीता (58 वर्ष) और सोमिल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग के दौरान विस्फोट हुआ और आग घर में फैल गई। घर में 10 से अधिक गैस टैंक और कुछ ज्वलनशील रसायन भी रखे थे। इस घटना में छह लोगों की मौत और तीन लोग घायल हुए हैं।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि दमकल और प्रशासन की टीमें बचाव अभियान में लगी हुई हैं। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन बिल्डिंग की दो मंजिलों को खाली कराया गया है और एक मंजिल की जांच अभी जारी है।












