बाराबंकी, 19 मार्च।
रामनगर क्षेत्र में इन दिनों कोल्ड स्टोरेजों के बाहर किसानों की भारी भीड़ देखी जा रही है। आलू भंडारण के लिए दूर-दूर से पहुंचे किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली और छोटे मालवाहक वाहनों के साथ लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं। सड़क किनारे वाहनों की लाइनें इतनी लंबी हो गई हैं कि यातायात भी प्रभावित होने लगा है।
किसानों का आरोप है कि भंडारण प्रक्रिया की धीमी रफ्तार के कारण उन्हें अपनी उपज जमा करने में काफी समय लग रहा है। सुबह से पहुंचने के बावजूद कई बार पूरे दिन इंतजार करना पड़ता है, जबकि कुछ मामलों में दो दिन तक भी बारी नहीं आ पाती। इससे किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वाहनों की भीड़ के कारण सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन रही है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। किसानों का कहना है कि यदि कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन काम की गति बढ़ाए और पर्याप्त श्रमिकों की व्यवस्था करे, तो इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने प्रबंधन से जल्द सुधार की मांग की है, ताकि समय रहते आलू सुरक्षित रखा जा सके।
इस संबंध में तहसील प्रशासन ने भी आश्वासन दिया है। तहसीलदार रामनगर ने कहा कि यदि किसी किसान को कोई समस्या होती है, तो वह प्रशासन को सूचित कर सकता है और उसकी शिकायत का समाधान कराया जाएगा।












