फर्रुखाबाद, 01 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश सरकार ने फर्रुखाबाद जिले के देवरामपुर और नगला खैरबंद में ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी है। इस फैसले से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से जाम और आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने पत्रकारवार्ता के दौरान बताया कि राज्य सरकार ने मंगलवार रात दोनों ओवर ब्रिजों के निर्माण के लिए कुल 9743.28 लाख रुपये मंजूर किए हैं। ब्रिज निर्माण कार्य तीन माह के भीतर शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
ब्रिज निर्माण से ठंडी सड़क, आईटीआई नाला बघार और वाईपास मार्ग पर जाम की समस्या दूर होगी। आवागमन सुगम हो जाएगा और स्थानीय लोगों को यातायात में राहत मिलेगी।
ब्रिज के तकनीकी पहलुओं पर ब्रिज कारपोरेशन के इंजीनियर वीरेंद्र चतुर्वेदी ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों ओवर ब्रिजों की लंबाई 1013.71 मीटर होगी।
सदर विधायक ने कहा कि इस परियोजना को कार्यान्वित कराने में उन्हें काफी मेहनत करनी पड़ी, लेकिन अब जल्द ही इस कार्य से जनता को सुविधा मिलेगी।












