बाराबंकी, 19 मार्च।
बाराबंकी जिले में रामनगर मुख्य चौराहे से फतेहपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित अगानपुर रेलवे पुल के विस्तार का मुद्दा लोकसभा में उठाया गया। क्षेत्र के सांसद तनुज पुनिया ने इस पुल की वर्तमान स्थिति को चिंताजनक बताते हुए कहा कि इसकी चौड़ाई कम होने के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं और लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इसे आम जनता की सुविधा के लिए शीघ्र चौड़ा कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सांसद ने सदन में इस विषय को रखते हुए सरकार का ध्यान आकर्षित किया और कहा कि क्षेत्र में यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे इस पुल का विस्तार अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि यह मार्ग अयोध्या से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों के लिए महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए जनहित में इसका चौड़ीकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए, ताकि दुर्घटनाओं में कमी आए और लोगों को सुरक्षित मार्ग मिल सके।
इसके अतिरिक्त, सांसद ने भयारा रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे पुल के निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि पिछले डेढ़ वर्ष से निर्माण कार्य जारी होने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से कार्य में तेजी लाने और जल्द से जल्द पुल को चालू कराने की मांग की, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।










