लखनऊ, 02 अप्रैल।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुरुवार को भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच राज्य और सिंगापुर के बीच निवेश, कौशल विकास, आधारभूत ढांचे और सांस्कृतिक सहयोग को और मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान उच्चायुक्त साइमन वोंग ने फरवरी में मुख्यमंत्री योगी की सिंगापुर यात्रा को सफल बताते हुए कहा कि इस दौरे ने सिंगापुर समेत आसपास के देशों के औद्योगिक जगत में उत्तर प्रदेश के प्रति विश्वास और सकारात्मक संदेश स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि निवेशकों के बीच उत्तर प्रदेश अब संभावनाओं से भरे नए केंद्र के रूप में उभर रहा है, जो द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देगा।
उच्चायुक्त ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में बीते वर्षों में कानून-व्यवस्था, आधारभूत संरचना और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में हुए बदलावों की सराहना की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कार्यरत सिंगापुर की कंपनियां यहां के अनुकूल निवेश वातावरण से संतुष्ट हैं और अपने निवेश को बढ़ाने की दिशा में सक्रिय रूप से काम कर रही हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आने वाले समय में सिंगापुर का एक बड़ा औद्योगिक प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश का दौरा करेगा। यह प्रतिनिधिमंडल राज्य में निवेश की संभावनाओं का आकलन करेगा और नए निवेश प्रस्तावों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करेगा। साथ ही युवाओं के लिए कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
सांस्कृतिक सहयोग के तहत कुशीनगर और सारनाथ जैसे बौद्ध पर्यटन स्थलों की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त प्रयास करने पर सहमति जताई, जिससे प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो सकती है। साथ ही नोएडा, ग्रेटर नोएडा, झांसी और वाराणसी सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के लिए योजनाएं तैयार की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि उत्तर प्रदेश ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ के सिद्धांत पर तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार निवेशकों को सुरक्षित और पारदर्शी माहौल देने के लिए प्रतिबद्ध है। मजबूत कानून-व्यवस्था, बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक आधारभूत सुविधाएं प्रदेश को निवेश के लिए आकर्षक बनाती हैं।
उन्होंने सिंगापुर को महत्वपूर्ण आर्थिक और तकनीकी भागीदार बताते हुए कहा कि औद्योगिक निवेश, शहरी विकास, लॉजिस्टिक्स, कौशल विकास और पर्यटन के क्षेत्रों में दीर्घकालिक सहयोग की दिशा में प्रदेश सरकार सक्रिय है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आगामी प्रतिनिधिमंडल का दौरा दोनों पक्षों के बीच नए निवेश अवसरों को जन्म देगा और साझेदारी को नई मजबूती प्रदान करेगा।











