इंफाल, 13 मई।
मणिपुर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है और इसी क्रम में पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी इंफाल जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों से चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय ने बुधवार को जारी आधिकारिक बयान में बताया कि 12 मई को प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलेइपाक के सक्रिय सदस्य नेप्रम दिजामणि मैतेई (52) को गिरफ्तार किया गया। उसे इंफाल पश्चिम जिले के कांचीपुर सुपर मार्केट इलाके से पकड़ा गया, जहां से संगठन के 11 मांग पत्र और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिन पर संगठन के वित्त विभाग के कथित राजस्व प्रमुख के हस्ताक्षर थे।
इसी दिन सुरक्षा बलों ने मणिपुर राष्ट्रीय क्रांतिकारी मोर्चा संगठन के सदस्य निंगथौजम थोइबा मैतेई उर्फ टन (27) को पोरोमपत थाना क्षेत्र के चेकॉन क्रॉसिंग इलाके से गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से चुराचांदपुर जिले के खुमुजंबा लेइकाई का रहने वाला है और वर्तमान में न्यू चेकॉन क्षेत्र में रह रहा था।
एक अन्य कार्रवाई में कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी के सक्रिय सदस्य खुलेम श्याम सिंह (23) को इंफाल पश्चिम जिले के लाम्फेल थाना क्षेत्र के लांगोल लाइमनाई से गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से दो मोबाइल फोन और एक आधार रसीद बरामद हुई।
सुरक्षा बलों ने एक और अभियान के तहत कांगलेई यावोल कन्ना लुप संगठन के सदस्य तोइजम सनमणि मैतेई (48) को इंफाल पूर्व जिले के नोंगदा माखा लेइकाई इलाके से पकड़ा, जो इसी जिले के नोंगदा अवांग लेइकाई का निवासी है।
पुलिस ने सभी मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों से पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।








.jpg)


.jpg)