धमतरी, 18 मार्च।
धमतरी के गगन कुंभकार ने कुंभकार समाज के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष बनाए जाने की खुशी में मानवता की मिसाल पेश करते हुए जिला अस्पताल में भर्ती किडनी मरीज को रक्तदान कर नई उम्मीद दी।
गगन कुंभकार ने महिला वार्ड में भर्ती ओरी बाई महंत को अपना 69वां रक्तदान कर जीवनदान दिया। यह कदम समाज में दूसरों की मदद करने की प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, ओरी बाई महंत ग्राम जामपाली जिला सक्ती की निवासी हैं और किडनी के उपचार के लिए अपने पुत्र हरिदास महंत के साथ जिला अस्पताल धमतरी में भर्ती थीं। उपचार के दौरान उन्हें तत्काल ए पॉजिटिव रक्त की आवश्यकता पड़ी।
उनके पुत्र ने ब्लड बैंक के रजिस्टर से संपर्क कर गगन कुंभकार को फोन किया। गगन कुंभकार ने बिना किसी देरी के अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया और मरीज की मदद की।
उनके इस प्रयास ने न केवल एक जरूरतमंद की जान बचाई, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि सच्ची खुशी दूसरों की मदद करने में ही है। गगन कुंभकार का यह 69वां रक्तदान उनके समाजसेवी स्वभाव और मानवता के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
इस कार्य की हर ओर सराहना हो रही है और यह कदम निश्चित ही युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।






.jpg)
.jpg)





