बलिया, 02 अप्रैल 2026।
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में बिजली के तार चोरी के मामलों में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहतवार और बलिया पुलिस ने अहम सफलता हासिल की है। पुलिस मुठभेड़ में सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो बदमाश गोली लगने से घायल हुए।
एसपी ओमवीर सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम सहतवार थाना क्षेत्र के अकबरपुर में गुरुवार तड़के चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान समर्थपार की ओर से आ रहे संदिग्ध दो चार पहिया वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में टिंकू शाह पुत्र जयप्रकाश निवासी दुधैला और शमीम अंसारी पुत्र जैनुद्दीन निवासी उमरगंज थाना कोतवाली के दाहिने पैर में गोली लगी।
पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने 26 मार्च को दुधैला और 30 मार्च को अकबरपुर में बिजली के तार और ट्रांसफार्मर के सामान की चोरी की थी। इसके अलावा पुलिस ने मौके से पांच अन्य अभियुक्तों अरविंद यादव, मन्नू कुमार साह, रोहन पांडेय, फिरोज खान और अभिषेक गौड़ को भी गिरफ्तार किया।
एएसपी (उत्तरी) दिनेश शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के पास अवैध तमंचे, कारतूस, चोरी किए गए तार, तार काटने के उपकरण, दो वाहन और चाकू बरामद हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गोली लगने वाले दो बदमाशों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।












