जौनपुर, 02 अप्रैल 2026
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में खेतासराय थाना क्षेत्र में चुनावी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया जब बुधवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने युवक संदीप राजभर (38) पर हमला कर उसके पेट में चाकू घोंप दिया।
घटना के समय संदीप अपने घर के पास थे कि अचानक अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया। स्थानीय लोगों ने घायल संदीप को तुरंत जिला अस्पताल पहुँचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि घटना चुनावी रंजिश का नतीजा प्रतीत हो रही है। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पूरे क्षेत्र में सतर्कता बरत रही है और जांच लगातार जारी है।












