भुवनेश्वर 09 मई।
ओडिशा के गंजाम जिले में शनिवार को कोदला थाना क्षेत्र के बाली ढाबा के समीप एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि बस में सवार 15 यात्री घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब एक निजी यात्री बस और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार निजी बस पोलसरा से पुरी की ओर जा रही थी, जिसमें लगभग 30 यात्री सवार थे। इसी दौरान कोदला टाउन के पास बाली ढाबा के समीप यह भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन के अंदर फंस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बस में सवार 15 यात्री घायल हो गए, जिनमें आगे की सीटों पर बैठे यात्रियों को अधिक चोटें आई हैं। इनमें से दो यात्रियों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज कोदला अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ट्रक चालक गलत दिशा में वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह भीषण दुर्घटना हुई। पुलिस अधिकारी घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच में जुटे हुए हैं।









.jpg)
