25 मार्च, नई दिल्ली
पिछले कई दिनों से लगातार गिरावट झेल रहे सोने और चांदी के भाव आज फिर तेजी के संकेत दे रहे हैं। घरेलू सर्राफा बाजार में भी दोनों धातुओं ने मजबूती दिखाई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना आज तीन प्रतिशत से अधिक और चांदी पांच प्रतिशत से अधिक बढ़ी।
एमसीएक्स पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 3.63 प्रतिशत उछल कर 1,43,960 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंचा। इसी तरह मई डिलीवरी वाली चांदी 5.52 प्रतिशत की छलांग लगाकर 2,36,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी में तेजी दर्ज की गई। सिंगापुर गोल्ड एक्सचेंज में हाजिर सोना 3.76 प्रतिशत बढ़कर 4,567.30 डॉलर प्रति औंस पर पहुंचा। लंदन सिल्वर मार्केट में हाजिर चांदी की कीमत 5.75 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73.57 डॉलर प्रति औंस रही।
विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिम एशिया में जंग के थमने की उम्मीद ने निवेशकों को सोना और चांदी जैसे सुरक्षित निवेश की ओर मोड़ दिया है। डॉलर की तुलना में आकर्षण कम होने का असर भी इन धातुओं की कीमत पर दिख रहा है।
कैपेक्स गोल्ड एंड इन्वेस्टमेंट्स के सीईओ राजीव दत्ता के अनुसार, जैसे-जैसे जंग के थमने की संभावना बढ़ेगी, सोना और चांदी की कीमतों में तेजी बनेगी। खासकर चांदी की कीमत में तुलनात्मक रूप से अधिक उछाल संभव है। पश्चिम एशिया में जारी जंग के कारण चांदी की औद्योगिक मांग घट गई है, लेकिन शांति स्थापित होने पर मांग में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
हालांकि राजीव दत्ता ने यह भी कहा कि सोना और चांदी की कीमतों का भविष्य पूरी तरह पश्चिम एशिया की स्थिति पर निर्भर रहेगा। फिलहाल सिर्फ जंग के थमने की उम्मीद जताई जा रही है, जब तक ठोस प्रगति नहीं होती, तब तक बाजार का भविष्य आकलन करना कठिन है।











