अहमदाबाद, 13 मई।
गुजरात सरकार द्वारा बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 72 भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के तबादले एवं नई पदस्थापना के आदेश जारी किए गए हैं। इस व्यापक बदलाव में कई जिलों के कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से बुधवार को जारी अधिसूचना के अनुसार जामनगर नगर निगम के आयुक्त डी.एन. मोदी का स्थानांतरण कर उन्हें गांधीनगर विकास आयुक्त के रूप में नियुक्त किया गया है। वहीं अहमदाबाद के कलेक्टर सुजीत कुमार को राज्य कर विभाग में विशेष आयुक्त का दायित्व सौंपा गया है। सूरत के कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी को नागरिक आपूर्ति विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में भरूच के कलेक्टर गौरांग मकवाणा को गुजरात ऊर्जा विकास एजेंसी का निदेशक बनाया गया है, जबकि नर्मदा-राजपीपला के कलेक्टर संजय मोदी को गुजरात राज्य जनजातीय विकास आवासीय शैक्षणिक संस्थान सोसायटी का कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया है। मोरबी के कलेक्टर किरण झवेरी को नडियाद नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है।
इसके अतिरिक्त जूनागढ़ के कलेक्टर अनिल कुमार रणवासिया को कच्छ-भुज जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कच्छ के वर्तमान कलेक्टर आनंद बाबूलाल पटेल को गांधीनगर में स्कूल आयुक्त नियुक्त किया गया है। उन्हें पीएम पोषण योजना तथा गुजरात शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व मार्च माह में भी सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा तीन आईएएस अधिकारियों के तबादले कर जामनगर, सुरेंद्रनगर और गांधीनगर में नए कलेक्टरों की नियुक्ति की गई थी।




.jpg)




.jpg)


.jpg)
