मुंबई, 17 मार्च।
अभिनेता ऋतिक रोशन अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी उपस्थिति मजबूत करने की तैयारी में हैं। उन्होंने अपने बैनर एचआरएक्स के तहत नई फिल्म 'मेस' के लिए प्राइम वीडियो इंडिया के साथ साझेदारी की है।
इस प्रोजेक्ट में उनके चचेरे भाई ईशान रोशन भी शामिल होंगे। यह ऋतिक और प्राइम वीडियो के बीच दूसरा सहयोग है, इससे पहले दोनों ने थ्रिलर वेब सीरीज 'स्टॉर्म' का ऐलान किया था।
अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'कृष 4' के जरिए निर्देशन की कमान संभालने के बाद अब ऋतिक निर्माता के रूप में नई पारी की शुरुआत कर रहे हैं। फिल्म 'मेस' का निर्देशन राजेश ए कृष्णन करेंगे, जिन्हें 'लूटकेस' और 'क्रू' जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है।
मेकर्स के अनुसार, इस फिल्म का प्रोडक्शन जल्द ही शुरू किया जाएगा।
फिल्म 'मेस' की कहानी लुटेरों के एक ऐसे गिरोह के इर्द-गिर्द घूमेगी, जो सेंध लगाने के इरादे से एक ऐसे व्यक्ति के घर में घुसते हैं, जो सीओडी जैसी मानसिक स्थिति से जूझ रहा होता है।
एक ही रात के भीतर हालात ऐसे मोड़ लेते हैं कि गिरोह खुद को खतरनाक स्थिति में फंसा हुआ पाता है। फिल्म कॉमेडी और अफरा-तफरी से भरपूर बताई जा रही है और दर्शकों को एक अलग तरह का मनोरंजन देने का दावा करती है।
फिल्म की कास्ट और रिलीज तारीख को लेकर जल्द ही आधिकारिक जानकारी आने की उम्मीद है।












