कानपुर, 31 मार्च।
छात्रों को कम खर्च में उच्च गुणवत्ता वाले प्रोफेशनल मीडिया प्रशिक्षण का अवसर देने की दिशा में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग ने पहल की है। इस विभाग में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों और प्रायोगिक प्रशिक्षण के माध्यम से मीडिया इंडस्ट्री में रोजगार के अवसरों के लिए तैयार किया जाता है। विभागाध्यक्ष डॉ. दिवाकर अवस्थी ने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए विभाग में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और छात्रों को यह मौका दिया जा रहा है कि वे मीडिया क्षेत्र में एक सशक्त करियर बना सकें।
विभाग में स्नातक (बीए जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन) और परास्नातक (एमए जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन) पाठ्यक्रमों में कुल 50-50 सीटें निर्धारित की गई हैं। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश मेरिट के आधार पर किया जाएगा। बीए कोर्स की अवधि तीन वर्ष है और इसकी वार्षिक फीस लगभग 31,200 रुपये है। वहीं, एमए कोर्स दो वर्ष का है, जिसकी फीस लगभग 41,200 रुपये है।
इसके अतिरिक्त, एक वर्षीय परास्नातक डिप्लोमा (पीजीडीजेएमसी) कोर्स भी उपलब्ध है, जिसकी फीस 42,200 रुपये प्रतिवर्ष है। इसके अलावा, फिल्म निर्माण (फिल्ममेकिंग) में दो वर्षीय परास्नातक कोर्स भी किया जा सकता है, जिसमें 30 सीटें हैं और इसकी वार्षिक फीस लगभग 51,200 रुपये है।
डॉ. दिवाकर अवस्थी ने कहा कि विभाग की विशेषता यह है कि यहां विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि आधुनिक स्टूडियो के माध्यम से प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया जाता है। एंकरिंग, रिपोर्टिंग, कैमरा संचालन, वीडियो संपादन, ग्राफिक डिजाइनिंग और वॉइस ओवर जैसी तकनीकी क्षमताओं पर फोकस किया जाता है।
मीडिया क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं बहुत अधिक हैं और यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्रों को देश के प्रमुख मीडिया संस्थानों, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, रेडियो, डिजिटल प्लेटफॉर्म तथा प्रशासनिक सेवाओं में करियर बनाने का मौका मिलता है। इसके अलावा, विभाग ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित पत्रकारिता (एआई जर्नलिज्म) और हेल्थ कम्युनिकेशन जैसे नए विषय भी पाठ्यक्रम में शामिल किए हैं।












