सियोल, 26 मई।
दक्षिण कोरिया ने दावा किया है कि उत्तर कोरिया ने मंगलवार को अपने पश्चिमी तट से एक अज्ञात प्रक्षेपास्त्र समुद्र की दिशा में दागा, जिसे लेकर कोरियाई प्रायद्वीप में एक बार फिर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ के अनुसार उत्तर कोरिया ने उत्तरी प्योंगयान प्रांत के जोंगजू क्षेत्र से दोपहर लगभग एक बजे पश्चिमी सागर की ओर कई कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें प्रक्षेपित कीं, जो लगभग 80 किलोमीटर तक गईं और इस वर्ष यह उसका आठवां मिसाइल परीक्षण माना जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि इन मिसाइलों की मारक क्षमता का आकलन किया जा रहा है तथा संभावित आगे के परीक्षणों को देखते हुए निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है, साथ ही अमेरिका और जापान को भी इस घटनाक्रम की जानकारी दी गई है।
दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रालय ने उत्तर कोरिया से तनाव कम करने और शांति की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील करते हुए परमाणु अप्रसार और पूर्ण निरस्त्रीकरण की नीति पर जोर दिया है, जबकि कोरियाई प्रायद्वीप में सुरक्षा हालात को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार 2019 में अमेरिका-उत्तर कोरिया वार्ता विफल होने के बाद से उत्तर कोरिया अपने मिसाइल और परमाणु कार्यक्रमों का विस्तार कर रहा है, जबकि अमेरिका लगातार बातचीत की इच्छा जताता रहा है लेकिन उत्तर कोरिया की ओर से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं आई है।













