राजनीति
27 May, 2026

दिल्ली में बड़े बदलाव, कई मेट्रो स्टेशन और सार्वजनिक स्थलों के बदले नाम

दिल्ली सरकार ने राज्य नामकरण प्राधिकरण की बैठक में कई मेट्रो स्टेशनों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थलों के नाम बदलने को मंजूरी दी, जिसमें अटल बिहारी वाजपेयी और डॉ. अंबेडकर के नाम शामिल हैं।

नई दिल्ली, 27 मई ।

दिल्ली सरकार ने राजधानी की पहचान, सांस्कृतिक विरासत और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कई मेट्रो स्टेशनों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थलों के नाम बदलने का बड़ा निर्णय लिया है। इस संबंध में राज्य नामकरण प्राधिकरण (एसएनए) की बैठक में विभिन्न प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।

निर्णय के अनुसार रोहिणी वेस्ट मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल मेट्रो स्टेशन’ रखा जाएगा, जबकि रोहिणी ईस्ट मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर केवल ‘रोहिणी मेट्रो स्टेशन’ किया जाएगा। इसी प्रकार द्वारका मेट्रो स्टेशन का नाम संशोधित कर ‘द्वारका-ककरोला मेट्रो स्टेशन’ करने का निर्णय लिया गया है, ताकि क्षेत्र की स्थानीय पहचान अधिक स्पष्ट हो सके।

बैठक में बेगमपुर (रोहिणी सेक्टर-33) में निर्माणाधीन खेल परिसर का नाम पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर ‘अटल खेल परिसर’ रखने को मंजूरी दी गई। साथ ही परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया। सरकार ने इसे युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बताया है।

इसी क्रम में ज्वालापुरी में निर्माणाधीन अस्पताल का नाम ‘बाबा रामदेवजी महाराज अस्पताल’ रखने को भी स्वीकृति दी गई। वहीं शकूरपुर स्थित ब्रिटानिया चौक का नाम बदलकर ‘अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) चौक’ रखने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर का नाम सामाजिक न्याय और समानता का प्रतीक है, इसलिए रोहिणी वेस्ट मेट्रो स्टेशन को उनके नाम से जोड़ना समाज को प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान नेताओं के नाम पर सार्वजनिक स्थलों का नामकरण राष्ट्रीय एकता और विकास के मूल्यों को मजबूत करता है।

सरकार का कहना है कि इन नाम परिवर्तनों का उद्देश्य दिल्ली की सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को और अधिक मजबूत करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ अपने प्रेरणास्रोतों और विरासत से जुड़ी रह सकें।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़