राजनीति
27 May, 2026

दिल्ली में सक्रिय हुए सीएम विजय, पीएम मोदी से मुलाकात में उठाए तमिलनाडु के बड़े मुद्दे

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर कावेरी विवाद, मछुआरों की गिरफ्तारी, रक्षा परियोजनाओं और राज्य गीत सहित कई अहम मुद्दे उठाए।

नई दिल्ली, 27 मई ।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात कर राज्य से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री के साथ उनकी यह पहली औपचारिक बैठक रही, जिसमें तमिलनाडु से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रतिवेदन भी सौंपा गया।

प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड यात्रा के समय अनाई मंगलम ताम्रपट्टिकाओं की बरामदगी और उन्हें वापस लाने के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, बैठक में राज्य हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने अपने प्रतिवेदन में सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत में तमिलनाडु राज्य गीत ‘तमिल थाई वट्टू’ गाए जाने की परंपरा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष जनवरी में गृह मंत्रालय की ओर से जारी निर्देशों के बाद कुछ सरकारी कार्यक्रमों में पहले राष्ट्रगान गाया जा रहा है। इस विषय पर उन्होंने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया।

बैठक के दौरान रक्षा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु में एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट डिजाइन एंड डेवलपमेंट सेंटर और सेंटर फॉर एयरबोर्न सिस्टम्स स्थापित करने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि इस विषय पर रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन के साथ पहले से बातचीत जारी है।

कावेरी नदी पर प्रस्तावित मेकेदाडू बांध परियोजना का मुद्दा भी प्रधानमंत्री के समक्ष उठाया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्नाटक की ओर से भूमि पूजन की घोषणा से तमिलनाडु के किसानों में चिंता बढ़ी है। उन्होंने अनुरोध किया कि तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी की सहमति के बिना इस परियोजना को मंजूरी न दी जाए।

मुख्यमंत्री विजय ने श्रीलंकाई नौसेना द्वारा तमिलनाडु के मछुआरों की गिरफ्तारी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2026 में अब तक 12 गिरफ्तारियां हुई हैं और 58 मछुआरे श्रीलंका में हिरासत में हैं। साथ ही 266 नौकाएं जब्त की जा चुकी हैं। उन्होंने केंद्र से हस्तक्षेप कर मछुआरों और नौकाओं की शीघ्र रिहाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी शिष्टाचार भेंट की। दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से भी उनकी मुलाकात प्रस्तावित है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़