नई दिल्ली, 27 मई ।
शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस पुरस्कार के तहत उच्च शिक्षण संस्थानों और पॉलिटेक्निक में कार्यरत उत्कृष्ट शिक्षकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी।
मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार इस पुरस्कार के लिए अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद को संस्थागत साझेदार बनाया गया है। पुरस्कार का उद्देश्य तकनीकी और गैर-तकनीकी उच्च शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ पॉलिटेक्निक संस्थानों में कार्यरत श्रेष्ठ शिक्षकों और संकाय सदस्यों को सम्मानित करना है।
इस पुरस्कार को दो प्रमुख श्रेणियों में विभाजित किया गया है। पहली श्रेणी उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों के लिए है, जिसे आगे तीन उप-श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी, वास्तुकला; शुद्ध विज्ञान, गणित, चिकित्सा एवं फार्मेसी; तथा कला, सामाजिक विज्ञान, मानविकी, भाषा, विधि, वाणिज्य और प्रबंधन विषय शामिल हैं। दूसरी श्रेणी पॉलिटेक्निक संस्थानों के शिक्षकों के लिए निर्धारित की गई है।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का नियमित संकाय सदस्य होना आवश्यक है। साथ ही स्नातक या स्नातकोत्तर स्तर पर कम से कम पांच वर्ष का पूर्णकालिक अध्यापन अनुभव अनिवार्य रखा गया है। आवेदन की अंतिम तिथि तक अभ्यर्थी की आयु 55 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। कुलपति, निदेशक और प्राचार्य इस पुरस्कार के लिए पात्र नहीं होंगे, हालांकि पूर्व में इन पदों पर कार्य कर चुके और वर्तमान में नियमित सेवा में कार्यरत 55 वर्ष से कम आयु के शिक्षक आवेदन कर सकते हैं।
नामांकन की प्रक्रिया तीन माध्यमों से की जा सकती है, जिसमें स्वयं नामांकन, संस्थागत नामांकन और सहकर्मी नामांकन शामिल हैं। सभी आवेदन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन जमा किए जाएंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 5 जुलाई तय की गई है। एआईसीटीई ने नामांकन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी और सहायता के लिए हेल्पडेस्क ईमेल और संपर्क नंबर भी जारी किए हैं।









