चंडीगढ़, 29 मई।
पंजाब में 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिलों और 19 नगर पंचायतों के चुनावों के लिए आज सुबह 8 बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्यभर के 115 काउंटिंग सेंटरों पर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती का काम जारी है। हालांकि, समाना नगर काउंसिल में तकनीकी कारणों से मतगणना करीब 35 मिनट की देरी से शुरू हुई। बैलेट पेपर का उपयोग होने के कारण परिणाम आने में कुछ समय लग रहा है, जिससे देर रात तक अंतिम रुझान आने की संभावना है।
सुबह 10 बजे तक के शुरुआती रुझानों में आम आदमी पार्टी (AAP) बढ़त बनाए हुए है। पार्टी अब तक 89 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और 78 सीटों पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। दूसरे स्थान पर निर्दलीय उम्मीदवार हैं, जिन्होंने 23 सीटों पर जीत हासिल की है और 33 पर बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, शिरोमणि अकाली दल ने 25 सीटों पर जीत दर्ज की है और 23 पर आगे है। कांग्रेस 16 जीत और 25 सीटों पर बढ़त के साथ मुकाबले में है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 2 सीटों पर जीत हासिल की है और 11 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इस बार निकाय चुनावों में कुल 80 उम्मीदवार निर्विरोध जीते हैं, जिनमें से 63 उम्मीदवार अकेले आम आदमी पार्टी के हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के तहत हर काउंटिंग सेंटर के 100 मीटर के दायरे में सुरक्षा घेरा बनाया गया है। स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी सीसीटीवी कैमरों द्वारा की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था तीन स्तरीय है।
राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने बताया कि मतगणना प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए प्रत्येक केंद्र पर 10 से 14 टेबलें लगाई गई हैं। एक राउंड में एक वार्ड के वोटों की गिनती की जा रही है। इस चुनाव में कुल 7,554 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे थे, जिनके भाग्य का फैसला आज देर रात तक पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगा।
















