नई दिल्ली, 02 जून।
तेलंगाना राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री ने राज्य की जनता को शुभकामनाएं दी हैं। सभी नेताओं ने तेलंगाना के उज्ज्वल भविष्य, निरंतर विकास और समृद्धि की कामना करते हुए राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मेहनती नागरिकों की सराहना की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने संदेश में कहा कि तेलंगाना नवाचार और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है और उन्होंने राज्यवासियों के निरंतर कल्याण और उन्नति की कामना की। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने राज्य के लोगों की रचनात्मकता, परिश्रम और दृढ़ता का उल्लेख करते हुए इसे विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरणा बताया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने स्थापना दिवस को राज्य की विकास यात्रा और उपलब्धियों का प्रतीक बताया और प्रदेशवासियों के जीवन में उन्नति, सौहार्द और समृद्धि की कामना की। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने तेलंगाना की जीवंत संस्कृति और उद्यमशीलता को विशिष्ट बताया तथा राज्य की प्रगति की शुभकामनाएं दी।
केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की, वहीं केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य की कला-संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को सराहा। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तेलंगाना की सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास को नमन किया।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्य की निरंतर प्रगति और नागरिकों के सुख-समृद्धि की कामना की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तेलंगाना गठन दिवस को भारत की लोकतांत्रिक यात्रा का ऐतिहासिक पड़ाव बताते हुए आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी राज्य की संस्कृति, कला और विकास की सराहना की।











