भोपाल, 02 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने इंदौर जिले के ग्राम अरण्या में अत्याधुनिक ग्रेडिंग एवं कलर सॉर्टिंग प्लांट के शुभारंभ की घोषणा की, जिसे क्षेत्र के किसानों और व्यापारियों के लिए कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
कृषि मंत्री ने बताया कि इस नई सुविधा से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा और कृषि व्यापार अधिक संगठित तथा प्रतिस्पर्धी बनेगा। राज्य सरकार लगातार ऐसे प्रयास कर रही है जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो और कृषि उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार आए। आधुनिक प्लांट के माध्यम से अनाज और बीजों की ग्रेडिंग तेज, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से की जा सकेगी।
कंषाना ने कहा कि यह प्लांट स्थानीय कृषि व्यापार को नई गति देगा और किसानों के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक आसानी से पहुंचाने में मदद करेगा। क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों और गणमान्य नागरिकों ने इस पहल का स्वागत किया और इसे कृषि विकास के लिए सकारात्मक कदम बताया।
मंत्री ने बताया कि आधुनिक ग्रेडिंग और कलर सॉर्टिंग प्लांट में कच्चे माल को हॉपर में डाला जाता है, जहां सफाई, ग्रेडिंग और रंग के आधार पर छंटाई की जाती है। इसमें फोटोसेंसर और हाई-स्पीड कैमरे लगे हैं, जो खराब या रंगहीन दानों को अलग कर देते हैं। यह गेहूं, चावल, चना, मूंगफली, तुलसी, कलौंजी, चिया सीड और किनवा जैसे विभिन्न अनाज और बीजों के लिए उपयोगी है। बेहतर ग्रेडिंग से बाजार में उत्पाद की कीमत बढ़ती है, मानव श्रम कम लगता है और शुद्धता अधिक होती है।












