25 मार्च, नई दिल्ली
पश्चिम एशिया में शांति के संकेतों के बीच आज अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से नीचे आ गई हैं। सुबह 10:15 बजे ब्रेंट क्रूड 99.17 डॉलर प्रति बैरल पर और वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड 88.51 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहे थे। पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को ब्रेंट क्रूड 104.49 डॉलर और डब्ल्यूटीआई क्रूड 92.35 डॉलर पर बंद हुआ था।
आज सुबह के कारोबार की शुरुआत में ब्रेंट क्रूड लगभग छह प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.83 डॉलर प्रति बैरल पर खुला। थोड़ी देर बाद इसकी कीमत घटकर 97.18 डॉलर तक आ गई। इसके बाद थोड़ी मजबूती आई और यह 100.03 डॉलर तक पहुंच गया, लेकिन जल्दी ही फिर 100 डॉलर के नीचे लौट गया। सुबह 10:15 बजे तक इसका स्तर 5.11 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 99.17 डॉलर प्रति बैरल था।
डब्ल्यूटीआई क्रूड में भी आज पांच प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। यह 88.53 डॉलर प्रति बैरल पर खुला और जल्दी ही 86.72 डॉलर तक टूट गया। कुछ समय के लिए इसकी कीमत 89.36 डॉलर तक उछली, लेकिन सुबह 10:15 बजे तक 4.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 88.51 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।









