तेहरान, 28 मार्च।
ईरान के सशस्त्र बलों ने अमेरिका के छह सामरिक जहाजों पर मिसाइल हमला कर बड़ा नुकसान पहुंचाने का दावा किया है। इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में अमेरिकी सैनिकों के मारे जाने की बात कही गई है। बताया गया कि हमले में बैलिस्टिक मिसाइलों के साथ कद्र 380 क्रूज मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। यह जानकारी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स के जनसंपर्क विभाग ने देर रात जारी बयान में दी।
ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स से जुड़े सूत्रों के अनुसार, ‘ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4’ के तहत यह 84वीं कार्रवाई थी। नौसेना ने अल-शुवैख बंदरगाह के साथ दुबई के समुद्री तटों और बंदरगाह क्षेत्रों में अमेरिकी और इजराइली बलों को निशाना बनाते हुए सटीक हमले किए। इस दौरान सैन्य उपकरणों को भी भारी क्षति पहुंचने और अमेरिकी सैनिकों के हताहत होने का दावा किया गया है।
बयान में कहा गया है कि अल-शुवैख बंदरगाह पर मौजूद अमेरिका के छह लैंडिंग क्राफ्ट यूटिलिटी जहाजों को लक्ष्य बनाकर हमला किया गया। इनमें से तीन जहाज समुद्र में डूब गए, जबकि बाकी तीन में आग लग गई और वे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा, दुबई के समुद्री किनारों और एक होटल में तैनात अमेरिकी ड्रोन यूनिट को भी ड्रोन हमले के जरिए निशाना बनाया गया।











