रायपुर, 27 मार्च 2026।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में शनिवार 28 मार्च को जिला मुख्यालय जशपुर के वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल में जिला स्तरीय श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के श्रम मंत्री कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री द्वारा श्रम विभाग की 12 विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 79,340 निर्माण श्रमिकों और उनके परिजनों को 27.15 करोड़ रुपये सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से अंतरित किए जाएंगे।
सम्मेलन में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. राम प्रताप सिंह समेत अन्य जन प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के सचिव गिरीश रामटेके ने बताया कि दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के तहत 14 हितग्राहियों को 14 लाख 32 हजार रुपये, मिनीमाता महतारी जतन योजना के अंतर्गत 1960 श्रमिकों को 3 करोड़ 92 लाख रुपये, मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण योजना के तहत 297 श्रमिकों को 44 लाख 55 हजार रुपये, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत 20 हितग्राहियों को 20 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत 325 श्रमिकों के बच्चों को 38 लाख 88 हजार 374 रुपये, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना के तहत 3040 श्रमिकों को 6 करोड़ 08 लाख रुपये, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 71,220 बच्चों को 14 करोड़ 53 लाख 96 हजार 500 रुपये, मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना के अंतर्गत 1142 श्रमिकों को 39 लाख 50 हजार 624 रुपये, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के तहत 526 हितग्राहियों को 1 करोड़ 52 लाख रुपये, मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना के अंतर्गत 784 श्रमिकों को 29 लाख 04 हजार 082 रुपये, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना के तहत 9 हितग्राहियों को 9 लाख रुपये और मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक दीर्घायु सहायता योजना के अंतर्गत 3 श्रमिकों को 60 हजार रुपये अंतरित किए जाएंगे।












