अशोकनगर, 03 अप्रैल 2026।
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को अशोकनगर जिले के प्रवास के दौरान नगर परिषद पिपरई में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि संसदीय क्षेत्र में लोगों की शिकायतों के शीघ्र निपटारे के लिए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए प्रधानमंत्री आवास, बीपीएल कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, संबल योजना, नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन से जुड़ी समस्याओं पर मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए। साथ ही जिन मामलों का समाधान हुआ, उनके स्वीकृति पत्र भी हितग्राहियों को वितरित किए गए।
इसके बाद नगर परिषद मुंगावली में आयोजित कार्यक्रम में सिंधिया ने कुल 1424.24 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने 245 लाख रुपये के 13 कार्यों का उद्घाटन और 1179.24 लाख रुपये के 65 कार्यों की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि मुंगावली के विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और क्षेत्र में सड़क, रेल व अन्य आधारभूत संरचनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने पेयजल योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए राजघाट परियोजना के अंतर्गत 100 गांवों हेतु राशि स्वीकृत की गई है, जिससे शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। इसके अतिरिक्त पेयजल के लिए 6 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी स्वीकृत हुई है। पूरे जिले के लिए 922 करोड़ रुपये की व्यापक योजना को मंजूरी दी गई है, वहीं भुजरिया तालाब के संरक्षण के लिए भी पहल की गई है।
कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किए गए। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, पट्टा वितरण, लाड़ली लक्ष्मी योजना, कृषि यंत्र वितरण, छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरण और पशुपालन विभाग की योजनाएं शामिल रहीं।
दूसरे दिन ग्राम कजराई में 43 लाख रुपये की लागत से बने पंचायत भवन का लोकार्पण किया गया। साथ ही ओर नदी पर 7 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर लंबे उच्च स्तरीय पुल का भी उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाएगा और बरसात के समय आने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी।
उन्होंने पंचायत भवन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बताते हुए कहा कि इसमें फ्री वाई-फाई, सीसीटीवी और डिजिटल मीटिंग हॉल जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो इसे मॉडल पंचायत के रूप में स्थापित करती हैं।











