रायपुर, 26 मार्च 2026।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 28 मार्च को जशपुर जिले में आयोजित जिला स्तरीय श्रमिक सम्मेलन में 12 श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के तहत 79,340 निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के बैंक खातों में 27.15 करोड़ रुपये सीधे अंतरित करेंगे।
श्रम विभाग की इन योजनाओं के लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से राशि प्राप्त होगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि प्रदेश की श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. राम प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के सचिव गिरीश रामटेके ने बताया कि दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के तहत 14 हितग्राहियों को 14 लाख 32 हजार, मिनीमाता महतारी जतन योजना में 1960 श्रमिकों को 3 करोड़ 92 लाख, और मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना के तहत 297 श्रमिकों को 44 लाख 55 हजार अंतरित किए जाएंगे।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना में 20 हितग्राहियों को 20 लाख, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना में 325 बच्चों को 38 लाख 88 हजार 374, और मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना में 3040 श्रमिकों को 6 करोड़ 08 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना में 71,220 बच्चों को 14 करोड़ 53 लाख 96 हजार 500, मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना में 1142 श्रमिकों को 39 लाख 50 हजार 624, और मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना में 526 हितग्राहियों को 1 करोड़ 52 लाख रुपये दिए जाएंगे।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना में 784 श्रमिकों को 29 लाख 04 हजार 082, निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना में 9 हितग्राहियों को 9 लाख, तथा निर्माण श्रमिक दीर्घायु सहायता योजना में 3 श्रमिकों को 60 हजार रुपये अंतरित किए जाएंगे।












