भोपाल, 02 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गुरुवार को पश्चिम बंगाल के चुनावी दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन और प्रचार को केंद्रित करेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, डॉ. यादव प्रातः 11 बजे दुर्गापुर पहुंचेंगे। वहां से वे हेलीकाप्टर द्वारा बांकुरा जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री बांकुरा में आयोजित चुनावी रैली में शामिल होंगे और भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन पर्चे दाखिल करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सलतोरा क्षेत्र से चांदना बारी, छतना क्षेत्र से सत्यनारायण मुखोपाध्याय, बांकुरा विधानसभा क्षेत्र से नीलाद्री शेखर दाना, बरजोरा क्षेत्र से बिलेश्वर सिंघा और ओंडा क्षेत्र से अमरनाथ शाखा के नामांकन में शामिल होंगे।
चुनावी कार्यक्रम पूरा करने के बाद, डॉ. यादव दोपहर 3 बजे करगहिर (जिला बांकुरा) से हेलीकाप्टर से दुर्गापुर लौटेंगे। वहां से विशेष विमान द्वारा दोपहर 3:30 बजे वे भोपाल के लिए रवाना होंगे।


.jpg)









