काबुल, 17 मार्च।
पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच टकराव सोमवार रात को और गंभीर रूप ले लिया जब पाकिस्तान ने काबुल के एक अस्पताल पर हवाई हमला किया, जिसमें कम-से-कम १०० लोगों के मारे जाने और बड़ी संख्या में घायल होने का दावा किया जा रहा है। पाकिस्तान का कहना है कि उसने सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था।
अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने इस हमले के बाद स्पष्ट किया कि अब बातचीत और कूटनीति का समय खत्म हो चुका है और अफगानिस्तान इसका बदला लेगा। पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच एक महीने से चल रहे टकराव के बीच स्थितियां तेजी से बिगड़ रही हैं।
पाकिस्तान की ओर से देर रात काबुल में एक नशा मुक्ति केंद्र को निशाना बनाया गया। हमले में अस्पताल को भारी नुकसान पहुंचा, और इमारत का अधिकांश हिस्सा आग लगने के कारण तबाह हो गया। हमला उस समय हुआ जब अस्पताल में दो हजार से अधिक लोग मौजूद थे। कम-से-कम सौ लोगों की मौत हुई और कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने का अंदेशा है।
पाकिस्तान ने नशा मुक्ति केंद्र के अलावा काबुल के अन्य ठिकानों पर भी हवाई हमले किए। अफगान मीडिया के अनुसार, अफगानिस्तान के इस्लामी अमीरात (आईईए) प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने इस हमले की कड़ी निंदा की और इसे अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन बताया।
मुजाहिद ने कहा कि अब पाकिस्तान के साथ कूटनीति और बातचीत का समय समाप्त हो गया है और अब अफगानिस्तान बदला लेने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि जिस अस्पताल में नशा मुक्ति के लिए मरीज इलाज कर रहे थे, उस पर हमला किया गया, जिससे कई लोगों की जान चली गई।
अफगानिस्तान के स्टार क्रिकेटर राशिद खान और मोहम्मद नबी ने काबुल हमलों में नागरिकों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। राशिद खान ने लिखा कि अस्पताल, घर और शैक्षणिक संस्थानों को निशाना बनाना चाहे जानबूझकर हो या गलती से युद्ध अपराध है और यह रमज़ान में और चिंताजनक है।
मोहम्मद नबी ने कहा कि अस्पताल पर हुए हमले ने उम्मीद को बुझा दिया और युवा मरीजों की जान चली गई। उन्होंने बताया कि अस्पताल के बाहर माताएं अपने बच्चों का इंतजार कर रही थीं, लेकिन उनकी ज़िंदगियां रमज़ान की 28वीं रात को खत्म हो गईं।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव 21 फरवरी को हुए एक हमले के बाद बढ़ा था। इसके जवाब में दोनों देशों ने एक-दूसरे पर हमले किए, जिसमें दोनों तरफ से लोगों की जानें गई हैं।





.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)




