चंडीगढ़ के सेक्टर 37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर बुधवार शाम जोरदार धमाका होने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के समय वहां पंजाब पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की निगरानी रहती है। इस धमाके में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि इमारत के शीशे टूट गए और एक वाहन को नुकसान पहुंचा है। जिस स्थान पर यह घटना हुई, उसके आसपास कई अन्य संस्थान मौजूद हैं, जहां लोगों की आवाजाही बनी रहती है। सूचना मिलते ही एसएसपी कंवरप्रीत कौर सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
पंजाब भाजपा के मीडिया प्रभारी विनीत जोशी के अनुसार, शाम करीब सवा पांच बजे कार्यालय के बाहर तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। इस विस्फोट से खिड़कियों के शीशे चटक गए और दीवारों पर कई स्थानों पर छेद हो गए, जो प्रारंभिक रूप से छर्रों के निशान प्रतीत हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि धमाके की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद अधिकारी और जांच टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कार्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी के पास विस्फोट हुआ, जो सुबह से वहीं खड़ी थी।
चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर ने बताया कि शाम करीब पांच बजे यह घटना हुई और मौके पर एक एक्टिवा वाहन भी पाया गया। धमाके के बाद कार्यालय की दीवार पर 70 से 80 छर्रों जैसे निशान देखे गए हैं, जबकि पास खड़ी एक कार का शीशा भी टूट गया है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है और क्षेत्र को सील कर दिया गया है। एफएसएल टीमों द्वारा लिए गए नमूनों के विश्लेषण के बाद ही घटना की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।












