कठुआ, 11 सितंबर।
रेलवे सुरक्षा और आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से कठुआ के कठेरा इलाके में एक संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास में सेना, एसडीआरएफ, सीआरपीएफ, पुलिस और डॉग स्क्वाड सहित कई प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी मुस्तैदी के साथ हिस्सा लिया।
मॉक ड्रिल के दौरान रेलवे लाइन के आसपास किसी भी आपात खतरे या सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए विभिन्न विभागों के बीच आपसी तालमेल और त्वरित कार्रवाई का अभ्यास किया गया। इस दौरान संभावित बम मिलने या आतंकी हमले जैसी परिस्थितियों से निपटने के तरीकों को भी परखा गया।
जीआरपी के अधिकारी अमित सिंह अंडोत्रा ने जानकारी दी कि सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए इस तरह के संयुक्त अभ्यास एक नियमित प्रक्रिया का अहम हिस्सा हैं। इसका मुख्य उद्देश्य किसी भी अप्रत्याशित संकट के समय सभी राहत और सुरक्षा एजेंसियों का बेहतर तालमेल सुनिश्चित करना है।















