नई दिल्ली, 13 मार्च।
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने नए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि सभी को एक-दूसरे से सीखते हुए इस सत्र में कुछ नया और बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए।
लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से साझा किए गए एक वीडियो में पंत ने टीम के खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि टीम में पिछले सत्र के कई खिलाड़ी मौजूद हैं, जबकि कुछ नए खिलाड़ी भी जुड़े हैं। ऐसे में बेहतर तालमेल और आपसी समझ के साथ आगे बढ़ना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि टीम के हर खिलाड़ी से सीखने की मानसिकता रखना आवश्यक है। यदि खिलाड़ी आपस में क्रिकेट को लेकर चर्चा करेंगे तो इससे उनके खेल में सुधार आएगा और टीम को भी मजबूती मिलेगी।
पिछले वर्ष हुए मिनी नीलामी में लखनऊ फ्रेंचाइजी ने कई नए खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ा। इनमें श्रीलंका के ऑलराउंडर वानिन्दु हसरंगा, दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्ट्जे, मुकुल चौधरी, नमन तिवारी, अक्षत रघुवंशी और ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिस शामिल हैं। इसके अलावा ट्रेड के जरिए अर्जुन तेंदुलकर और भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को भी टीम में शामिल किया गया है।
पिछले सत्र में पंत की कप्तानी में लखनऊ का प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा था। टीम लीग चरण में केवल छह मुकाबले ही जीत सकी और अंक तालिका में सातवें स्थान पर रही। हालांकि अंतिम लीग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ पंत ने नाबाद 118 रन की शानदार पारी खेली थी, लेकिन टीम को इसका लाभ नहीं मिल सका।
पंत ने कहा कि किसी भी सत्र की शुरुआत में लक्ष्य जीत हासिल करना होता है, लेकिन खिलाड़ियों के लिए यह भी जरूरी है कि वे अपने व्यक्तिगत और टीम के लक्ष्यों को स्पष्ट रखें। उन्होंने बताया कि अभी टीम का यह शिविर पूर्व-सत्र अभ्यास जैसा है, क्योंकि बाकी खिलाड़ी 15-16 मार्च के आसपास टीम से जुड़ेंगे।
आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स अपने अभियान की शुरुआत 01 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने घरेलू मैदान अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में करेगी। इसके बाद टीम 05 अप्रैल को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबला खेलेगी।











