इंफाल, 14 मई।
मणिपुर में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे उग्रवाद विरोधी और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत पिछले 24 घंटों में कई बड़ी गिरफ्तारियां की गई हैं। अलग-अलग कार्रवाई में एक देसी शराब तस्कर के साथ दो अलग-अलग उग्रवादी संगठनों से जुड़े पांच कैडरों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार 13 मई को इंफाल पश्चिम जिले के लामसांग थाना क्षेत्र अंतर्गत लामसांग बाजार में छापेमारी कर ट्रोंगलाओबी अवांग लीकाई निवासी 30 वर्षीय मुतुम इनाओ सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 250 लीटर देसी शराब और एक ईको वैन बरामद की गई, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग को सौंप दिया गया।
इसी क्रम में 12 मई को लिलोंग चाजिंग क्षेत्र से यूएनएलएफ (पी) गुट के एक सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया गया, जो बम विस्फोट मामले में भी आरोपी बताया जा रहा है। उसकी पहचान 24 वर्षीय हिदांगमायुम बेनेरजीत शर्मा उर्फ मांजा के रूप में हुई है। उसके पास से मोबाइल फोन, नकदी, पहचान पत्र और संगठन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं, साथ ही एक बिना नंबर की एसयूवी भी जब्त की गई है।
एक अन्य कार्रवाई में इंफाल पश्चिम जिले के लंगोल इलाके से केसीपी (पीडब्ल्यूजी) संगठन के स्वयंभू संस्थापक सहित कुल पांच कैडरों को गिरफ्तार किया गया। इस समूह के प्रमुख की पहचान 52 वर्षीय लैशराम रंजीत सिंह उर्फ तमंगनबा के रूप में हुई है।
इसके अलावा अन्य गिरफ्तार सदस्यों में ओइनम सोमेनचंद्र सिंह, अरंबम बिरकुमार, माइबम तोम्बा सिंह और चाबुंगबम लामंगनबा मैतेई शामिल हैं। इनके पास से मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने सभी मामलों में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।















