उत्तर प्रदेश
19 Apr, 2026

तीर्थ स्नान के दौरान बड़ा हादसा टला, गंगा में डूबती तीन महिलाओं को नाविकों ने बचाया

वाराणसी के शिवालाघाट पर गंगा स्नान के दौरान डूबने लगी तीन महिला तीर्थयात्रियों को नाविकों ने समय रहते बचाकर एक बड़ा हादसा टाल दिया।

वाराणसी, 19 अप्रैल

वाराणसी के भेलूपुर स्थित शिवालाघाट पर रविवार को गंगा स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा होने से टल गया, जब आंध्र प्रदेश से आए तीर्थयात्रियों के समूह की तीन महिलाएं नदी के गहरे पानी में डूबने लगीं, जिन्हें वहां मौजूद नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार करीब पंद्रह तीर्थयात्री चेतावनी के बावजूद गंगा के गहरे हिस्से की ओर बढ़ गए थे। इसी दौरान अनुशा बाईस वर्ष, चिन्नी बीस वर्ष और एस वी पांडा पचास वर्ष का संतुलन बिगड़ गया और वे पानी में डूबने लगीं, जिससे घाट पर अफरा-तफरी मच गई।

साथियों के शोर मचाने पर घाट पर मौजूद नाविक तुरंत सक्रिय हुए और बिना समय गंवाए गंगा में छलांग लगा दी। नाविक सुरेश मांझी, दिलीप साहनी और भुवाल साहनी ने गहरे पानी में उतरकर तीनों महिलाओं को संघर्ष करते हुए सुरक्षित किनारे पर पहुंचाया।

इस दौरान एक महिला की हालत गंभीर हो गई थी, जिसे एक नाविक ने मौके पर ही सीपीआर देकर होश में लाया। घटना की सूचना पर पुलिस भी तत्काल घाट पर पहुंची और स्थिति की जानकारी ली।

नाविक सुरेश मांझी ने बताया कि उन्होंने पहले ही तीर्थयात्रियों को गहरे पानी में न जाने की चेतावनी दी थी, लेकिन उसे नजरअंदाज कर दिया गया। इसके बावजूद सभी को सुरक्षित बचा लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों नाविकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर यह साहसिक बचाव कार्य किया, जिसके बाद तीर्थयात्रियों ने उनका आभार जताया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी नाविकों के साहस और त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़