नोएडा, 24 मार्च।
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में स्थित एक पीजी में बीती रात को एक व्यक्ति को बिजली का करंट लग गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी निरीक्षक सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि दिनेश यादव (55) पुत्र साहब यादव, मूल निवासी जनपद आजमगढ़, पीजी में बिजली का काम करने आए थे। काम करते समय उन्हें बिजली का करंट लग गया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।












