इंफाल, 28 मार्च।
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों में बड़ी सफलता हासिल की है और बीते 24 घंटे में राज्य के अलग-अलग हिस्सों से कुल आठ उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है।
पहले अभियान में सुरक्षा बलों ने यूएनएलएफ (पी) संगठन के सक्रिय कैडर थोंगबम प्रेमजीत सिंह (49) को पश्चिम इंफाल जिले के थांगमेइबंद काबराबम लेइकाई से गिरफ्तार किया। वह 2022 में सगोलबंद ताखेलंबम लेइकाई में हुए बम धमाके के मामले में आरोपित है। उसके पास से मोबाइल फोन और आधार कार्ड जब्त किया गया।
दूसरे अभियान में आरपीएफ/पीएलए संगठन के सक्रिय कैडर चिंगाखाम नोंगपोकंगनबा मैतेई (21) को इंफाल पूर्व जिले के लामलाई थानांतर्गत ताखेल अवांग लेइकाई से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
तीसरे अभियान में तेंगनौपाल जिले के मोरेह थानांतर्गत अंतरराष्ट्रीय सीमा पोस्ट 73 और 74 के बीच केसीपी और केवाईकेएल संगठनों के एक-एक कैडर को गिरफ्तार किया गया। केसीपी कैडर अंगोम लेम्बा मैतेई उर्फ लिकलाईंगम्बा (26) और केवाईकेएल कैडर युमनाम बोनी मैतेई उर्फ यैताम्बा (42) की पहचान की गई।
बीते गुरुवार को सुरक्षा बलों ने मोरेह थानांतर्गत अंतरराष्ट्रीय सीमा पोस्ट 78 और 79 के बीच से पीएलए के सक्रिय सदस्य चोंगथम नानाव सिंह उर्फ खुनौ (29) को गिरफ्तार किया।
इसी दिन इंफाल पूर्व जिले के विभिन्न इलाकों से पीएलए/आरपीएफ के तीन और कैडरों को गिरफ्तार किया गया, जिन पर व्यापारियों को निशाना बनाकर आईईडी धमाकों की योजना बनाने का आरोप है। इनकी पहचान फंजौबम रबी मैतेई उर्फ लुवांगम्बा (28), मो. रुवाज आरिफ उर्फ बाबूल (23) और मो. अब्दुल हकीम उर्फ इनाओचा (35) के रूप में हुई। इनके कब्जे से तीन आईईडी, लगभग 2.47 किग्रा टीएनटी, दो डेटोनेटर, दो टाइमर और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।












